धार/गंधवानी, भानु प्रकाश शर्मा। नगर में पुराने पुलिस थाने के सामने राम बाबा सीरवी के घर के पास कमरे में बंधे तीन मवेशियों को मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोर एक गाय, एक भैंस और एक पाड़ा खोलकर अपने साथ ले गए। घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है।


मवेशी मालिक बाबूलाल हिराजी सीरवी के अनुसार, रात में अज्ञात चोर घर के पास कमरे में बंधे तीनों मवेशियों को खोलकर ले गए। चोरी हुए मवेशियों की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये बताई गई है। बताया गया कि चोर मवेशियों को खेत की ओर से ले गए और तार फेंसिंग के नीचे से निकालकर नदी पार कर फरार हो गए।


मालिक ने बताया कि उनके यहां पहले भी एक-दो बार मवेशी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास के क्षेत्र में भी चोरों और चोरी हुए मवेशियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। लगातार हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में चिंता का माहौल है। पशु मालिक ने पुलिस से मवेशियों का पता लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।