धार। धार जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने भोजशाला परिसर को लेकर मीडिया एडवाइजरी जारी करते हुए सभी नागरिकों, धर्मगुरुओं, आगंतुकों और मीडिया प्रतिनिधियों से शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की अवैध या अनुमति से बाहर की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रशासन ने कहा है कि कोर्ट के निर्देशों के विपरीत किसी भी गतिविधि में शामिल पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा न करने की भी अपील की गई है।मीडिया प्रतिनिधियों से जिम्मेदार और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग करने को कहा गया है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने। प्रशासन के अनुसार भोजशाला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी समुदायों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।