Thursday, February 26, 2026

LOGO

BREAKING NEWS
मध्य प्रदेशजनजातियों का समग्र कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : प्रधानमंत्री श्री मोदी

जनजातियों का समग्र कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : प्रधानमंत्री श्री मोदी

Post Media

वर्चुअल माध्यम से जनता को संबो​धित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी


News Logo
PeptechTime
16 नवंबर 2025, 09:02 am IST
Share on FacebookShare on WhatsAppShare on Twitter/XOpen Instagram
Copy Link

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि स्वाधीनता संग्राम में देश के विभिन्न अचंलों में जनजातीय वीरों और जननायकों ने आजादी के लिए अपना लहू बहाया और अंग्रेजों को चैन से बैठने नहीं दिया। स्वाधीनता संग्राम के प्रारंभिक काल में जनजातीय जननायकों ने जो योगदान दिया, उसे हम भुला नहीं सकते। इतिहासकारों और तत्कालीन सरकारों ने इनके योगदान को सिरे से नकार दिया। देश के स्वाधीनता संग्राम में जनजातियों का योगदान अतुलनीय है, अभूतपूर्व है। हमने यह बीड़ा उठाया है कि जनजातीय वीरों और जननायकों के बारे में आज की नई पीढ़ी को भी अवगत कराया जाए। हर साल 15 नवम्बर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिवस है। इस विशेष दिन को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के पीछे हमारी यही मंशा है कि जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, हम सब उनके बारे में जानें, समझें, विचार करें और इन शूरवीरों के योगदान को नमन् करें। प्रधानमंत्री श्री मोदी शनिवार को गुजरात के नर्मदा जिले से राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह का देशव्यापी सीधा प्रसारण किया गया। जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में प्रधानमंत्री श्री मोदी के वर्चुअल संबोधन को सभी ने सुना और देश के सभी जनजातीय वीरों को नमन किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जनजातियों द्वारा बोली जाने वाली सभी बोलियों पर अध्ययन होगा। उनकी जीवनशैलियों से सीखा जाएगा। इसमें विज्ञान छिपा है। उन्होंने कहा कि यह दिवस हमें करोड़ों जनजातियों के साथ हुए अन्याय को याद करने का अवसर देता था। हम जनजातीय वर्ग को विकास की धारा से जोड़ेंगे और उन्हें मुख्य धारा में लाएंगे। जब अटलजी सरकार बनी तब देश में पहली बार जनजातीय कल्याण मंत्रालय बना था। आदिवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय वर्ग के बच्चे आज डॉक्टर, इंजीनियर और सरकारी नौकरियां कर रहे हैं। देशभर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के निर्माण एवं अधोसंरचना विकास पर 18 हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं। इन स्कूलों में प्रवेश में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। दुनिया में देश की शान बढ़ाने में जनजातीय युवाओं का बड़ा योगदान है। अभी भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा है। इस टीम में भी मध्यप्रदेश की एक जनजातीय बेटी ने अपना योगदान दिया है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जनजातीय समुदायों में सिकल सेल एनीमिया बहुत बड़ा खतरा रही है। अब तक देश में 6 करोड़ लोगों की सिकल सेल स्क्रीनिंग हो चुकी है। जनजातीय वर्ग के बच्चों की पढ़ाई में भाषा की बाधाएं भी पूरी तरह से समाप्त की जा रही हैं। जनजातीय समाज में कला और चित्रकारी बेहद प्रचलित है। इस समुदाय के गुजरात के चित्रकार श्री परेशभाई राठवा को पद्म पुरस्कार मिल चुका है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आज देश की राष्ट्रपति महोदया जनजातीय समुदाय से ही आती हैं। छत्तीसगढ़, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड में जनजातीय वर्ग के मुख्यमंत्री हैं। मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदाय से आने वाले श्री मंगुभाई पटेल राज्यपाल के पद पर आसीन हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को भी 150 साल पूरे हो गए हैं। वंदे मातरम् आज भारत की एकता और अखण्डता का प्रेरणास्त्रोत गीत बन गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए "भगवान बिरसा मुंडा की जय" का उद्घोष कराया।

Today In JP Cinema, Chhatarpur (M.P.)