नई दिल्ली, 21 जून । अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड में कहा कि ट्रंप प्रशासन लेबनान में संघर्ष रोकने और क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
अमेरिकी सरकार के आधिकारिक डिजिटल मीडिया अकाउंट 'रैपिड रिस्पांस' के अनुसार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्विट्जरलैंड में ईरान डील पर बातचीत के लिए मध्य-पूर्व के नेताओं से मुलाकात से पहले लोगों को संबोधित किया।
वेंस ने कहा कि मेरा मानना है कि पिछले कुछ महीनों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और संयुक्त राज्य अमेरिका ने लेबनान में संघर्ष को रोकने के लिए दुनिया की किसी भी दूसरी सरकार से ज्यादा प्रयास किए हैं। हम इस दिशा में आगे भी लगातार काम करते रहेंगे।
जेडी वेंस ने कहा कि आज का दिन वास्तव में एक तकनीकी बातचीत की शुरुआत का प्रतीक है, जो इतिहास में पहली बार दोनों पक्षों की टीमों को एक साथ बैठकर यह समझने का मौका देगा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे क्या हैं। इसके बाद हम उन मुद्दों का समाधान निकाल सकेंगे और एक बेहतर कल की ओर बढ़ सकेंगे।"
उपराष्ट्रपति ने कहा, "हमें इस मुकाम तक लाने के पीछे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नेतृत्व है। उनकी यह इच्छा है कि दस साल बाद मध्य पूर्व की स्थिति आज से बहुत अलग और बेहतर हो।"
वेंस ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हमने यह सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ी प्रगति देखी है कि लेबनान में युद्धविराम कायम रहे। ट्रंप ने हमें पूरे क्षेत्र में एक पूर्ण युद्धविराम की दिशा में काम करने के लिए प्रतिबद्ध किया है।
रैपिड रिस्पांस के 'एक्स' पोस्ट के अनुसार, इस दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी लोगों को संबोधित किया।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा, "इस समय मैं पूरी ईमानदारी के साथ राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके दूरदर्शी और प्रभावशाली नेतृत्व के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं, जिसकी वजह से आज यहां यह बैठक संभव हो पाई है।"
शहबाज शरीफ ने कहा कि मुझे लगता है कि यहां होने वाली बातचीत बहुत अच्छी होगी, उम्मीद है कि आने वाले समय में बेहद सकारात्मक और उपयोगी नतीजे लेकर आएगी। मैं अमेरिका की टीम का नेतृत्व करने के लिए उपराष्ट्रपति को भी उनके बेहतरीन नेतृत्व के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।

