मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले के जौरा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत जाफराबाद में शासकीय कामकाज में लापरवाही और ड्यूटी से गैरहाजिर रहने के मामलों में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। औचक निरीक्षण और ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों की शिकायतों तथा कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया।

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ अचानक ग्राम पंचायत जाफराबाद पहुंचे और वहां ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने राजस्व से जुड़े कार्यों में देरी और पटवारी की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और एसडीएम जौरा शुभम शर्मा को पटवारी मंजू त्यागी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय ग्राम पंचायत के सचिव औतार सिंह बिना अनुमति अनुपस्थित मिले, जिस पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।


ग्राम चौपाल के बाद कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय जाफराबाद का निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्राथमिक शिक्षक मनीष यादव बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। अपने दायित्वों के प्रति इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने शिक्षक के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राजस्व और पंचायत से जुड़े कामों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे। आम लोगों की शिकायतों को नजरअंदाज करने और बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान एसडीएम जौरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।