छतरपुर। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में शुक्रवार को शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार पांडे मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।


समारोह में LeapForWord संस्था द्वारा संचालित “निहार शांति पाठशाला फनवाला” कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंकज सेन, ऋतु सिंह, खुशी जैन, वंदना प्रजापति, अजय दीक्षित सहित कई शिक्षकों को प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।


कार्यक्रम के द्वितीय चरण में Outstanding Cluster, Block and District (OBCD) नवाचार कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले ब्लॉकों, क्लस्टरों और शिक्षकों को पुरस्कृत किया गया। बारीगढ़ और नौगांव ब्लॉकों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। बारीगढ़ से BRCC रामहित व्यास तथा नौगांव से एस.के. निरंजन ने पुरस्कार प्राप्त किए। साथ ही HSS बॉयज बारीगढ़ और HS निवाड़ी (बक्सवाहा) क्लस्टरों को भी सम्मानित किया गया।


इस मौके पर छतरपुर जिले को राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में तृतीय स्थान हासिल करने पर ट्रॉफी का प्रदर्शन किया गया। शिक्षक पंकज सेन ने समारोह में अपनी प्रेरणादायक यात्रा साझा की और शिक्षण कार्य में नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में डीआईटी प्राचार्य आर.के. वर्मा, एपीसी अकादमिक नीरज खरे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। LeapForWord संस्था की ओर से प्रोग्राम मैनेजर शोएब शेख और सीनियर मैनेजर पायल लांजेकर ने कार्यक्रम का संचालन किया।


यह समारोह Marico Ltd. की CSR पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षकों के उत्कृष्ट योगदान को सराहा गया और शिक्षा क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित किया गया।