इंदौर पुलिस की सराहनीय पहल ‘अंधे कत्ल’ का खुलासा करने वाली टीम सहित 13 पुलिसकर्मी सम्मानित

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। पुलिस कमिश्नरेट इंदौर में बेहतर कानून व्यवस्था और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में साप्ताहिक पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सोमवार, 17 फरवरी 2026 को पलासिया स्थित कार्यालय में किया गया।
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर द्वारा कुल 13 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में बाणगंगा थाना क्षेत्र की वह 10 सदस्यीय टीम शामिल रही, जिसने हाल ही में एक चुनौतीपूर्ण ‘अंधे कत्ल’ की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया।
सम्मानित पुलिसकर्मियों में बाणगंगा थाने के उप निरीक्षक संजय धुर्वे, शुभम पाण्डे एवं उनकी टीम के सदस्य शामिल थे। इसके अलावा यातायात विभाग के तीन जवान—महिला आरक्षक रानू, आरक्षक सुमंत सिंह कछावा और आरक्षक प्रदीप मनिहां—को भी यातायात प्रबंधन एवं सड़क सुरक्षा अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आर.के. सिंह ने भी पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की सराहना की। पुलिस कमिश्नर ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के सम्मान कार्यक्रमों से न केवल पुलिस बल में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर और प्रभावी पुलिसिंग उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी मजबूत होती है।
