इंदौर पुलिस ने युवक के अंधे कत्ल का किया खुलासा

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, 12 फरवरी की सुबह सूचना मिली थी कि रालामंडल वन्यजीव अभयारण्य के फॉरेस्ट ऑफिस के पास बनी पुलिया के निकट एक अज्ञात व्यक्ति का रक्तरंजित शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें रात करीब दो बजे एक ऑटोरिक्शा और एक दोपहिया वाहन रालामंडल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर ऑटो चालक की पहचान लोकेश उर्फ लक्की पाटीदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोकेश उर्फ लक्की पाटीदार सहित वीरेंद्र उर्फ गोलू ठाकुर, राजेश उर्फ राजा खेड़े, किशोर पाटीदार, प्रवीण उर्फ नजरू पाटीदार और विष्णु उर्फ अन्ना गवली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 35 वर्षीय रेनसिंह बरेला के साथ शराब पीने के दौरान उनका मामूली विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव को ऑटो में डालकर रालामंडल क्षेत्र में ले गए और पुलिया के पास फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
