रंगपंचमी पर रंगों में डूबा इंदौर

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर की सड़कों पर आज रंगपंचमी का उत्साह अपने पूरे शबाब पर पहुंच गया। शहर की करीब 77 साल पुरानी ऐतिहासिक गैर ने राजवाड़ा क्षेत्र को रंग, गुलाल और उत्साह की अनोखी तस्वीर में तब्दील कर दिया। हजारों की संख्या में लोग इस परंपरागत जुलूस में शामिल हुए, जहां रंगों की बारिश के बीच ढोल-ताशों की गूंज से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
गिरी परिवार की ओर से निकाला गया पहला जुलूस राजवाड़ा पहुंचा, जहां सड़कों पर लोग रंग और गुलाल में सराबोर होकर जश्न मना रहे थे। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नजर आने वाले उत्सव प्रेमी और संगीत की धुनों ने इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया। यह गैर इंदौर की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है, जो गंगा-जमुनी तहजीब और उत्सवधर्मिता का जीवंत प्रतीक है। हर साल देश-विदेश से लोग इस अनोखे उत्सव को देखने इंदौर पहुंचते हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नजर आए। प्रशासन ने पूरे मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया, जिसमें करीब 4000 पुलिसकर्मी शामिल थे। 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से लगातार निगरानी की गई। सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी भीड़ पर पैनी नजर रखे हुए थे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और नगर निगम के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे।
