इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के तिलक नगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक युवक मूल रूप से शाजापुर जिले का निवासी था और इंदौर में अपने छोटे व चचेरे भाई के साथ किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार रात युवक ने अपने पिता को फोन कर इंदौर बुलाया था और कहा था कि उसे जरूरी बात करनी है, लेकिन पिता के इंदौर पहुंचने से पहले ही सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई। सुबह जब भाई उसे जगाने पहुंचे, तो वह अचेत अवस्था में मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स और काम कर रहा था हर्ष चौधरी
मृतक युवक की पहचान हर्ष चौधरी (24) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से शाजापुर जिले का रहने वाला था। हर्ष इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स करने के साथ-साथ इसी क्षेत्र में काम भी कर रहा था और वर्तमान में इंदौर के वंदना नगर स्थित किराए के मकान में छोटे और चचेरे भाई के साथ रह रहा था। मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि हर्ष पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था, क्योंकि उस पर करीब 3 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को लेकर वह परेशान रहता था और रविवार रात भी उसने भाइयों से कर्ज के विषय में बात की थी।
पापा सुबह इंदौर आ जाओ, जरूरी बात करनी है
चचेरे भाई के मुताबिक, रविवार रात हर्ष ने अपने पिता को फोन कर कहा था कि "पापा सुबह इंदौर आ जाओ, आपसे जरूरी बात करनी है।" उसने रात में भाइयों को भी बताया था कि वह कर्ज को लेकर परेशान है और पिता के आने पर सब कुछ सही-सही बता देगा। सोमवार सुबह जब परिजन हर्ष को जगाने पहुंचे, तो वह अचेत पड़ा था। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही तिलक नगर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और संदिग्ध मौत के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
















