सतना, अंबिका केशरी। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं किया गया तो किसान कांग्रेस प्रदेशभर के किसानों के साथ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी और विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।
चौहान ने भारत-अमेरिका कृषि ट्रेड डील को किसानों के हित में नहीं बताते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्धारित एमएसपी से कम कीमत पर कृषि उपज की खरीद-बिक्री रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। इसके साथ ही प्रदेश सरकार किसानों की मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी करे और कृषि कार्य के लिए किसानों को 24 घंटे थ्री-फेज बिजली उपलब्ध कराए।
किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कृषि उपज मंडियों और सहकारिता के चुनाव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लंबे समय से कृषि उपज मंडियों के चुनाव नहीं कराए गए हैं। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए मंडी और सहकारिता के चुनाव तत्काल कराए जाने चाहिए।
धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों से धान 3100 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने का वादा किया था, लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान महंगे डीजल, खाद, बिजली और कर्ज के बोझ से परेशान हैं, वहीं उनकी फसलों का उचित समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। एक ओर किसान आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा है, दूसरी ओर सरकार किसान कल्याण वर्ष मना रही है। मंडियों में भी किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस किसानों के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी। यदि प्रदेश सरकार ने समय रहते किसानों की मांगों और समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं किया तो किसान कांग्रेस किसानों को साथ लेकर प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेगी और विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।




