छतरपुर (संजय अवस्थी)। नगर पालिका परिषद में सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से शुक्रवार को माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें गरिमामय जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया और सीएमओ माधुरी शर्मा उपस्थित रहीं। इस दौरान अधिकारियों ने वरिष्ठ जनों को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार ने बुजुर्गों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए कड़े कानून बनाए हैं। यदि कोई संतान अपने माता-पिता की अनदेखी करती है या उन्हें प्रताड़ित करती है, तो भरण-पोषण अधिनियम के तहत पीड़ित बुजुर्ग प्रशासन और न्यायालय की मदद ले सकते हैं। नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं और उनकी सेवा करना हमारा परम कर्तव्य है। वहीं, सीएमओ माधुरी शर्मा ने विभाग द्वारा दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं और पेंशन योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना की और अपनी समस्याओं के निराकरण के संबंध में चर्चा की।

