पुलिस की पिटाई से आहत युवक ने 5वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या

Advertisement
इंदौर, रविकांत वर्मा। शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में स्थित दिग्विजय मल्टी (ताप्ती परिसर) में एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2-3 बजे पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 23 वर्षीय राज (पिता मनोज मकवाना) के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिसकर्मी पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसी घटना से आहत और डरकर युवक ने यह कदम उठाया।
परिजनों के अनुसार, राज मानसिक रूप से कमजोर था और उसे सांस लेने में तकलीफ की समस्या भी थी। गर्मी के कारण वह देर रात बिल्डिंग के नीचे टहल रहा था। सोसायटी के गार्ड ने हंगामा होने की शिकायत डायल 112 पर की, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
परिजनों का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने युवक से पूछताछ की और एक पुलिसकर्मी ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इससे घबरा गया राज घर पहुंचा, जहां वह पुलिस के नाम से डर और घबराहट जाहिर करने लगा। कुछ देर बाद वह छत पर पहुंचा और पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की बहन ने बताया कि युवक दिमागी रूप से कमजोर होने के कारण बहस कर बैठा था, लेकिन पुलिस ने उसे समझाने के बजाय थप्पड़ मारा। परिवार ने पहले ही पुलिस को उसकी मानसिक स्थिति के बारे में बता दिया था और राज ने माफी भी मांगी थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
