इंदौर एमवाय अस्पताल के बाहर मानवता शर्मसार, स्ट्रेचर पर मरीज को सड़क से ले जाती दिखीं महिलाएं

Advertisement
इंदौर,रविकांत वर्मा। शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराजा यशवंत राव (एमवाय) अस्पताल से जुड़ा एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो महिलाएं भरे ट्रैफिक के बीच सड़क पर एक मरीज को स्ट्रेचर पर धक्का देती हुई दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल का मुख्य गेट बंद होने के कारण परिजन मरीज को सड़क के रास्ते ले जाने को मजबूर हुए।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार के बीच महिलाएं किसी तरह स्ट्रेचर को आगे बढ़ा रही हैं। इस दौरान न तो एंबुलेंस दिखाई दे रही है और न ही अस्पताल की कोई सहायता। घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है और सोशल मीडिया पर लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की जमकर आलोचना की है।
मामले पर अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। एमवाय अस्पताल के सुप्रीटेंडेंट डॉ. अशोक यादव ने वीडियो की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया स्ट्रेचर एमवाय अस्पताल का प्रतीत नहीं होता। हालांकि यह जांच की जा रही है कि मरीज को वास्तव में एमवाय अस्पताल लाया गया था या नहीं। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय एंबुलेंस उपलब्ध थी या नहीं, और मरीज को एंबुलेंस क्यों नहीं मिली, इसकी भी विस्तृत जांच की जाएगी।
डॉ. यादव ने आश्वासन दिया कि जांच के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर इंदौर की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
