मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शिवना नदी के कैचमेंट क्षेत्र में हो रही तेज बारिश से कालाभाटा बांध लबालब हो गया है। बांध का जलस्तर 21 फीट तक पहुंचने के बाद जलस्तर नियंत्रित करने के लिए एक गेट करीब 6 इंच तक खोलकर पानी छोड़ा गया। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण शिवना नदी का प्रवाह भी तेज हो गया है।
शिवना नदी में बढ़ते पानी को देखते हुए रामघाट क्षेत्र में नदी का जलस्तर करीब 4 फीट पर रखा जा रहा है। वहीं प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के सामने भी नदी में पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा नदी और बांध के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
अच्छी बारिश और कालाभाटा बांध में पर्याप्त पानी आने से मंदसौर शहर की पेयजल व्यवस्था को बड़ी राहत मिली है। आगामी समय में बांध का जलस्तर करीब 19 फीट पर मेंटेन किए जाने की योजना है, ताकि अतिरिक्त पानी की स्थिति में जल प्रबंधन सुचारू रूप से किया जा सके।
कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश होने से आसपास के अन्य जलाशयों में भी तेजी से पानी की आवक होने की उम्मीद है। मानसून की सक्रियता इसी तरह बनी रही तो क्षेत्र के जलस्रोतों की स्थिति और बेहतर हो सकती है। फिलहाल शिवना नदी में बढ़े प्रवाह और कालाभाटा बांध की स्थिति पर संबंधित अमला सतत नजर बनाए हुए है।




