पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, पुलिस ने अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की


इंदौर,रविकांत वर्मा। शहर में अफवाहों के चलते कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में बच्चा चोर होने की अफवाह पर एक महिला के साथ भीड़ ने मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर निवासी 34 वर्षीय महिला अपने काम के सिलसिले में क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने संदेह के आधार पर उसे बच्चा चोर समझ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और दो महिलाओं सहित अन्य लोगों ने महिला के साथ मारपीट की। इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


घटना के बाद पीड़िता ने एमआईजी थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कलाबाई कौशल और खुशी कौशल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ झूठा आरोप लगाकर मारपीट करने का प्रकरण दर्ज किया है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बच्चा चोरी जैसी किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। यह मामला पूरी तरह अफवाह और गलतफहमी का परिणाम पाया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें।


साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अकाउंट्स की पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, एफआईआर दर्ज होगी और संबंधित अकाउंट्स भी ब्लॉक किए जाएंगे।