बीच-बचाव की कीमत चुकानी पड़ी, दबंगों ने युवक को कार में बिठाकर एक घंटे तक बेरहमी से पीटा

Advertisement
नागौद (शुभम शुक्ला)। सतना जिले के नागौद कस्बे में एक छोटे से विवाद में बीच-बचाव करने वाला युवक इतनी क्रूरता का शिकार हो गया कि उसकी जान पर बन आई। पुरानी रंजिश के चलते दो दबंग युवकों ने उसे गाड़ी में जबरन बिठाकर सुनसान जगह ले जाया और तालिबानी अंदाज में करीब एक घंटे तक बेल्ट, लात-घूंसे और मुक्कों से पिटाई की। पीडि़त के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज नागौद सिविल अस्पताल में चल रहा है।
घटना नागौद थाना क्षेत्र के खेरवाटोला वार्ड नंबर-5 की है। पीडि़त मुकुट दाहिया ने पुलिस को बताया कि 3 फरवरी को सचिन वर्मन और अंकित सिंह के बीच चल रहे विवाद में उसने बीच-बचाव किया था। इसी बात से नाराज होकर हर्षित सिंह और सिद्धार्थ सिंह ने उससे रंजिश पाल ली।
शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे मुकुट दिलीप सिंह की आरा मशीन के पास खड़ा था। तभी दोनों आरोपी वहां पहुंचे और काम का बहाना बनाकर उसे अपनी गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि उन्हें ईदगाह के पास सुनसान इलाके में ले जाकर गाड़ी से उतारा और पुरानी रंजिश निकालने के लिए मारपीट शुरू कर दी। हर्षित सिंह ने बेल्ट से लगातार वार किए, जबकि दोनों ने हाथों-मुक्कों से भी बेरहमी दिखाई। यह अत्याचार लगभग एक घंटे तक जारी रहा, जिससे मुकुट गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तुरंत नागौद सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी चोटों का इलाज शुरू किया। पीडि़त के शरीर के कई हिस्सों में गहरी चोटें बताई जा रही हैं।
नागौद पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर हर्षित सिंह और सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग दबंगों के आतंक से डरे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
