टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य और यादगार स्वागत किया। इस दौरान स्वागत का अनोखा नजारा देखने को मिला, जब जेसीबी मशीन के जरिए पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
यह कार्यक्रम भाजपा के पूर्व विधायक राकेश गिरी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मी गिरी द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जेसीबी से फूल बरसाकर अपनी खुशी और सम्मान प्रकट किया। इस अनोखे स्वागत ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और माहौल उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत और निष्ठा से पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने संगठन को और मजबूत करने का आह्वान करते हुए आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का विश्वास जताया।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे कार्यक्रम को उत्सव का रूप दिया गया।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह हेमंत खंडेलवाल का टीकमगढ़ का पहला दौरा था, जिसे पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले पूर्व विधायक राकेश गिरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की थी।
यह पूरा आयोजन भाजपा की एकजुटता, संगठन शक्ति और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक बनकर सामने आया।

