छतरपुर,शिवम सोनी। भगवान चित्रगुप्त के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर छतरपुर शहर में श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस पावन अवसर पर चित्रगुप्त मंदिर से एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
शोभायात्रा की शुरुआत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। इसके पश्चात भगवान चित्रगुप्त की सुसज्जित एवं आकर्षक झांकी को भव्य रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बनाते नजर आए। वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन दर्शन के लिए उमड़े और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे पूरे शहर में धार्मिक उल्लास और एकता का वातावरण बना रहा। शोभायात्रा का समापन पुन: चित्रगुप्त मंदिर पहुंचकर किया गया, जहां विधिवत आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

