नौगांव,कमल यादव। भगवान चित्रगुप्त महाराज की जन्म जयंती के अवसर पर गुरुवार शाम नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था और उत्साह का परिचय दिया। यह शोभायात्रा शाम करीब 6 बजे मनसा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए चित्रगुप्त मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में महिला, पुरुष एवं बच्चों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भक्ति भाव से जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जिससे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा मनसा देवी मंदिर से प्रारंभ होकर तक्षशिला चौराहा, हरसू महाराज चौराहा, ब्राह्मण भवन होते हुए चित्रांश मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के समापन के बाद चित्रगुप्त मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां स्थानीय कलाकारों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इसके साथ ही भंडारे एवं प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, वरिष्ठ अधिवक्ता अरुण सक्सेना, प्रतीक सक्सेना, चित्रांश समिति के अध्यक्ष आनंद सक्सेना, अरविंद खरे, आदर्श सक्सेना, अंजलि सक्सेना सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

