छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा शहर के देहात थाना अंतर्गत घटित घटना जो पुलिस को सीधे चुनौती दे रही थी उसे टी आई गोविंद राजपूत टीम ने सुलझा दिया है दरअसल गांगीवाड़ा निवासी सर्राफा व्यापारी ओमप्रकाश सोनी से हुई लूट के मामले में देहात पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने शहर में जुलूस भी निकाला। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। टी आई गोविंद राजपूत ने बताया कि 26 जनवरी को गांगीवाड़ा निवासी सर्राफा व्यापारी ओमप्रकाश सोनी से सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया गया था। घटना के बाद थाना देहात में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस पहले कुछ आरोपियों तक पहुंची थी, लेकिन इस वारदात में शामिल चार आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी और आखिरकार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शेखर ,राकेश , सैफुल, शिवम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख 25 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, हार, कान के दाने, फूल, चांदी की बिछिया, पायल, चूड़ा, पेंच और चांदी की चैन शामिल हैं। गिरफ्तारी के बाद देहात पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर शहर में पैदल घुमाया।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के लिए सख्त चेतावनी और आम लोगों के लिए सुरक्षा का संदेश माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।



