प्लॉट के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, आत्महत्या के प्रयास से खुला फर्जीवाड़ा

Advertisement
इंदौर,शुभम। प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला इंदौर में सामने आया है। बाणगंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भागीरथपुरा पुलिस चौकी के बाहर कुछ दिन पहले एक युवती द्वारा आत्महत्या के प्रयास के बाद इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। मामले में अब तक 8 और फरियादी सामने आ चुके हैं। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, भागीरथपुरा पुलिस चौकी के बाहर तनीषा नामक युवती ने आत्महत्या का प्रयास किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवती से प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये लिए गए थे, लेकिन न तो प्लॉट दिया गया और न ही रकम लौटाई गई। जांच आगे बढ़ने पर इसी तरह की ठगी के 8 और मामले सामने आए।
फरियादियों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जमीन दिलाने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूली। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मनीष तारकोंडे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है। आशंका है कि मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। पुलिस ने अन्य पीड़ितों से भी आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
