डालमिया सीमेंट के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल: ट्रैक्टर रैली के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव

Advertisement
सतना,अंबिका केशरी। जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र में प्रस्तावित डालमिया सीमेंट कंपनी को भूमि लीज पर दिए जाने के विरोध में किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को राष्ट्रीय किसान यूनियन के बैनर तले सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार रामपुर बघेलान तहसील की लगभग 3600 एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि को एक निजी सीमेंट कंपनी को 40 साल की लीज पर देने की प्रक्रिया चल रही है। इसी फैसले के विरोध में क्षेत्र के किसान लामबंद हो गए हैं और लगातार आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। किसानों का कहना है कि उनकी पुश्तैनी और उपजाऊ जमीन को उद्योग के लिए लीज पर देना उनके भविष्य और आजीविका के साथ अन्याय है।
मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर, चारपहिया वाहनों और बाइक के साथ रैली के रूप में शहर पहुंचे। किसानों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए भूमि लीज का विरोध जताया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय किसान यूनियन के नेता शैलेन्द्र सिंह चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार यदि उद्योग के लिए जमीन देना ही चाहती है तो लीज की बजाय पूर्ण अधिग्रहण की प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही किसानों को उनकी जमीन का बाजार मूल्य से चार गुना मुआवजा दिया जाए और प्रभावित प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार दिया जाए।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार हैं।

