भारत–अमेरिका कृषि करार वापस लेने की मांग किसान कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा में जिला किसान कांग्रेस द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति, राज्यपाल, केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में भारत–अमेरिका कृषि करार वापस लेने, फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने सहित कई मांगें प्रमुख रूप से रखी गईं।
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी पुष्पेन्द्र सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि भारत–अमेरिका करार से कृषि अर्थव्यवस्था और किसानों के उत्पादों के मूल्य प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए किसान विरोधी शर्तों को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही कृषि उपज की अनिवार्य रूप से समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने तथा समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीदी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में जिले में वन्य प्राणियों के हमलों से किसानों की मौत एवं फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया गया। मृत किसानों के परिजनों को 25 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
इसके अलावा ग्रीष्मकालीन सब्जी उत्पादक किसानों के लिए खाद का अलग लक्ष्य तय करने, कृषि उपज मंडी में सड़क, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, विश्राम गृह, पुलिस सहायता केंद्र एवं शेड जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पूर्णकालिक मंडी सचिव की पदस्थापना की मांग रखी गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आईटीसी कंपनी द्वारा जिले के परासिया और उमरेठ क्षेत्र में अनुबंधित आलू उत्पादक किसानों को तय भाव का भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस पर किसानों को अनुबंध के अनुसार भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
साथ ही माईको-1 एवं माईको-2 लिफ्ट सिंचाई परियोजनाओं का अधूरा कार्य शीघ्र पूर्ण करने और जल संसाधन विभाग में अधीक्षण यंत्री की पदस्थापना की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
