छतरपुर, संदीप यादव। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बमारी निवासी अनिरुद्ध सिंह बुंदेला ने अपनी जमीन के सीमांकन को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि का सीमांकन राजनगर तहसील में पिछले एक वर्ष से लंबित है, जबकि तहसीलदार द्वारा दो बार आदेश जारी किए जा चुके हैं।
आवेदक का कहना है कि सीमांकन कराने के लिए संबंधित राजस्व निरीक्षक (आरआई) ठाकुरदास अहिरवार से बातचीत हुई थी। आरोप है कि सीमांकन के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से उन्होंने 20 हजार रुपये पहले ही दे दिए थे। इसके बाद 28 मई को सीमांकन की तिथि तय की गई थी, लेकिन निर्धारित दिन आरआई ने बीमारी का हवाला देते हुए सीमांकन की कार्रवाई नहीं की।
अनिरुद्ध सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि आदेश होने के बावजूद उनकी भूमि का सीमांकन नहीं किया जा रहा है, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सीमांकन कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

