रमजान में भाईचारे की मिसाल: हिंदू-मुस्लिम युवाओं ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में बांटीं 1000 फलों की किट

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। पवित्र रमजान के महीने में शहर ने एक बार फिर इंसानियत और एकता का अनुपम उदाहरण पेश किया है। टीग्गा ग्रुप एवं छोटी बाजार के युवाओं की पहल पर जिला अस्पताल में मरीजों तथा उनके परिजनों के बीच लगभग 1000 फलों की किट वितरित की गईं। इस नेक कार्य में हिंदू और मुस्लिम समाज के युवा कंधे से कंधा मिलाकर शामिल हुए और भाईचारे का संदेश फैलाया।
रमजान को रहमत, बरकत और इंसानियत का महीना माना जाता है। इसी भावना से प्रेरित होकर युवाओं ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों और उनके साथ आए परिजनों को फलों की किट सौंपीं। खासकर दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए आए कई रोजेदारों को इफ्तार के समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसी सोच के साथ यह सेवा कार्य किया गया।
युवाओं ने इस मौके पर कहा कि आज के समय में समाज में नफरत फैलाने की कोशिशें होती रहती हैं, लेकिन हमारा फर्ज है कि हम मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम फैलाएं। टीग्गा ग्रुप और छोटी बाजार के युवाओं का मकसद महज फलों की किट बांटना नहीं था, बल्कि यह संदेश देना था कि हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी सौहार्द ही देश की असली ताकत है। जब अलग-अलग धर्मों के लोग किसी नेक काम के लिए एकजुट होते हैं, तो समाज में सकारात्मक माहौल बनता है और लोगों के दिलों में एक-दूसरे के प्रति सम्मान बढ़ता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल परिसर में एक अलग ही उत्साह और सद्भाव का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवा सेवा कार्य में जुटे नजर आए। मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल की जमकर सराहना की और युवाओं को दुआएं दीं।
