मन्दसौर,ललित शंकर धाकड़। जिले की शामगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बहुचर्चित एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रधान सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब ढाई लाख रुपए कीमत की 1 किलो से अधिक अफीम भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रधान सिंह के साथ उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उल्लेखनीय है कि 7 फरवरी 2026 को गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजना में एमडी ड्रग्स की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया था, जहां से करीब 12 करोड़ रुपए कीमत की 12 किलो से अधिक क्रूड एमडी जब्त की गई थी।
जांच में सामने आया है कि फरारी के दौरान भी प्रधान सिंह अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ 1 किलो 245 ग्राम अफीम की खेप लेकर ट्रेन के जरिए दिल्ली होते हुए पंजाब जाने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शामगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क व कड़ियों को जोड़ने का प्रयास जारी है।

