छतरपुर। सोशल मीडिया पर हुए प्यार के बाद ब्याह रचाने उत्तर प्रदेश पहुंचे मध्य प्रदेश के बारातियों की उस समय शामत आ गई, जब ऐन वक्त पर दूल्हा ही बदल गया। भोपाल के जिस राहुल से दुल्हन इंस्टाग्राम पर बात करती थी, उसकी जगह जब छतरपुर के गठेवरा का देवेंद्र दूल्हा बनकर मंडप में पहुंचा, तो लड़की वालों का गुस्सा फूट पड़ा। वधु पक्ष ने धोखेबाजी से नाराज होकर दूल्हे समेत पूरी बारात की जमकर कुटाई कर दी, जिसमें दूल्हे सहित आधा दर्जन बाराती गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दुल्हन की शिकायत पर दूल्हे सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है।

यह है पूरी कहानी

पूरी कहानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी। करीब दो महीने पहले शाहाबाद (हरदोई, यूपी) की रहने वाली एक युवती की बातचीत भोपाल के राहुल मिश्रा नाम के युवक से हुई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों वीडियो कॉल पर भी बात करने लगे। बात जब शादी तक पहुंची, तो दोनों परिवारों की मुलाकात हुई और शादी की तारीख तय कर दी गई।


तय कार्यक्रम के अनुसार 12 मई को छतरपुर से 14 बारातियों के साथ बारात हरदोई पहुंची। लड़की वालों ने बारात का जोरदार स्वागत किया और उनके ठहरने के लिए शानदार होटल की व्यवस्था भी की। लेकिन शाम को जब बारात वधु पक्ष के घर पहुंची और जयमाल के वक्त दुल्हन ने दूल्हे को करीब से देखा, तो उसके होश उड़ गए। लड़की ने तुरंत शोर मचाते हुए कहा कि वह इंस्टाग्राम पर जिस राहुल मिश्रा से बात करती थी, यह वह लड़का नहीं है। जब वहां मौजूद लोगों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलीं।


पता चला कि दूल्हा बनकर आया युवक असल में राहुल मिश्रा नहीं, बल्कि छतरपुर जिले के ग्राम गठेवरा का रहने वाला देवेंद्र सिंह परमार है। दूल्हा बदलने और इस बड़े धोखे की बात सुनते ही लड़की वाले अपना आपा खो बैठे। देखते ही देखते शादी का खुशनुमा माहौल अखाड़े में तब्दील हो गया और लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे देवेंद्र और सभी बारातियों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में दूल्हा देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बाकी बारातियों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह बारातियों की जान बचाई।


6 आरोपी गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में केस दर्ज

उत्तर प्रदेश पुलिस के क्षेत्राधिकारी आलोक राज नारायण ने बताया कि इस धोखाधड़ी के मामले में दुल्हन की तहरीर पर तत्काल कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 9 नामजद और 1 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। कार्यवाही करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी दूल्हा देवेन्द्र सिंह परमार, मंगलदीन, रामौतार बाजपेई, मुकेश सेन (सभी निवासी गठेवरा, छतरपुर), शरीफ (निवासी संकट मोचन पहाड़िया, छतरपुर) और मुलायम यादव (निवासी ग्राम लखरावन) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस पूरी धोखाधड़ी के पीछे राहुल मिश्रा नाम का कोई वास्तविक व्यक्ति है या देवेंद्र खुद ही राहुल बनकर बात कर रहा था।