छतरपुर, संतोष शिवहरे। जनपद के राजनगर थाना अंतर्गत ग्राम तालगाँव से एक मामला सामने आया है, जहाँ एक वृद्ध महिला ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर फसल लूटने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता गेंदा बाई पटेल, पत्नी स्वर्गीय काशी पटेल, ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है।


पीडि़ता द्वारा सौंपे गए शिकायती पत्र के अनुसार, वह ग्राम तालगाँव की निवासी है और खेती के माध्यम से ही अपना भरण-पोषण करती है। गेंदा बाई का आरोप है कि उनके परिवार के ही रामस्वरूप पटेल, मुन्नीलाल पटेल, खूबचंद्र पटेल, सूरज पटेल, भेलाराम और नेता नामक व्यक्तियों ने उनकी मेहनत से तैयार की गई फसल को जबरन काट लिया। पीडि़ता ने बताया कि उनके पुत्र का निधन हो चुका है और वह गाँव में अकेली रहती हैं, जिसका फायदा उठाकर ये लोग लगातार उन्हें प्रताडि़त कर रहे हैं। अपनी सुरक्षा और फसल कटाई में मदद के लिए जब उन्होंने अपने भाई के पुत्र महेंद्र पटेल को ग्राम डबरी से बुलाया, तो आरोपियों ने उन दोनों के साथ अभद्र गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।


इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल हैं। पीडि़ता का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत राजनगर थाने में भी की थी, जहाँ पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ तो की और आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल किया, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने उनके खिलाफ कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों को ही संरक्षण दे रही है। थक-हारकर अब पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनकी फसल वापस दिलाई जाए और दबंगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि उन्हें और उनके भतीजे को सुरक्षा मिल सके।