सतना, अंबिका केशरी। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवर में एक दलित महिला मजदूर के साथ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण थाना, सतना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


शिकायत के अनुसार, ग्राम भवर निवासी मिन्ती प्रजापति 22 जून की शाम करीब 4 बजे ग्राम पंचायत में बन रही नाली निर्माण कार्य में मजदूरी कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही विद्याचरण शुक्ला, आनंद उरमलिया और पप्पू कोल वहां पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि तीनों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे और कहा कि यदि यहां काम करना है तो उन्हें पैसे देने होंगे, अन्यथा काम नहीं करने दिया जाएगा।


पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए पैसे देने में असमर्थता जताई तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अश्लील गालियां दीं, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया और लात-घूंसों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा काम करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।


पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह सिंहपुर थाना पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण थाना, सतना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बढ़ गए हैं और वे लगातार उसे धमका रहे हैं।


फिलहाल मामले की शिकायत एससी-एसटी थाना पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।