टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में दुकान पर काम करने के दौरान हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी हुसैन रईन अपनी दुकान के सामने धूप से बचाव के लिए छाया की व्यवस्था कर रहे थे। इसी दौरान पन्नी डालने की बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि वजीर, बादशाह और जीशान ने दुकान में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना में हुसैन रईन के सिर, नाक और पैर में चोटें आई हैं।
मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस बीच घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट की घटना कैद होने की बात कही जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

