सागर, जीशान खान। संत कबीर वार्ड में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने विधायक निधि से 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर अहिरवार समाज के सामुदायिक भवन के शेष निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में वार्डवासियों ने विधायक का स्वागत करते हुए क्षेत्र में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से कराए गए सड़क निर्माण कार्यों के लिए आभार जताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन विकास कार्यों से आवागमन सुगम हुआ है और लंबे समय से लंबित मांगें पूरी हुई हैं।


अपने संबोधन में विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि जनसेवा उनके सार्वजनिक जीवन का मूल उद्देश्य है और संत कबीर वार्ड उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, पेयजल लाइन विस्तार, सामुदायिक भवनों के निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोष्ठी, कोरी और अहिरवार समाज सहित विभिन्न समाजों के लिए सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया गया है, जो सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि सामुदायिक भवन सामाजिक समरसता को मजबूत करने और समाज को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वहीं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने बताया कि अहिरवार समाज के मंगल भवन के लिए पूर्व में भी विधायक निधि से 10 लाख रुपये दिए गए थे और अब शेष निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए पुनः 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। भवन पूर्ण होने पर समाज को विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।


कार्यक्रम का संचालन पार्षद धर्मेंद्र खटीक ने किया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, समाज प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।