देवास में देर रात ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला, दबंगों का तांडव CCTV में कैद

Advertisement
देवास,हेमंत गुर्जर । शहर में देर रात गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शंकरगढ़ बायपास स्थित तंदूरी ट्रीट फैमिली रेस्टोरेंट में 12 फरवरी की रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच कुछ बदमाश पहुंचे और खुद को इलाके का “दादा” बताते हुए जबरन खाना मांगा।
ढाबा संचालक द्वारा असमय खाना उपलब्ध न होने की बात कहने पर आरोपियों ने पहले पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करते ही बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते डंडों, बेल्ट और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में ढाबा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में 7 से 8 टांके आए हैं, जबकि हाथ में फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके फुटेज अब सामने आए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अक्षय व्यास सहित निखिल नागर, देवेंद्र उर्फ देवा और दीपेश उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अक्षय व्यास पर पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पीड़ित ढाबा संचालक ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
