बमीठा। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब ताऊ ताल हार क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही बमीठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बमीठा के ताऊ ताल हार पीरा इलाके में स्थित महेन्द्र गुप्ता के खेत में बुधवार को ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। शव मिलने की खबर तेजी से आसपास के क्षेत्रों में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई करते हुए शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया है। फिलहाल शव को सुरक्षित रखवाया गया है, ताकि उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के गांवों में भी जानकारी जुटा रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इस युवक को इलाके में नहीं देखा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मृतक बाहरी हो सकता है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही, मृतक की पहचान के प्रयास भी लगातार जारी हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।

