सतना, अंबिका केशरी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने बगहा बाइपास क्षेत्र में ट्रक चालक और क्लीनर पर चाकू से हमला कर नकदी लूटने की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।


थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी ड्राइवर मुजीबुद्दीन और क्लीनर मोहम्मद राशिद 19 मई को ट्रक क्रमांक यूपी 70 जीटी 0273 में ईंट लादकर सतना आए थे। ट्रक अनलोड नहीं होने के कारण दोनों ने बगहा बाइपास स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर केबिन में ही रात बिताने का निर्णय लिया।


देर रात अज्ञात बदमाशों ने ट्रक के केबिन में घुसकर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया और करीब 8 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। हमले में चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी शाहिद खान निवासी उदयसागर थाना कोठी की पहचान हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जहां उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई नकदी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।