देवास, हेमंत गुर्जर। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। इसी के विरोध में देवास जिले के सतवास नगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा संगठनों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री की भाषा को लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार मुखरता से उठा रहे हैं, जिससे प्रदेश सरकार असहज महसूस कर रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर गरिमामयी भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने की मांग भी की।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में विपक्षी नेताओं के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




