टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर की वर्षों पुरानी अनाज मंडी अब जल्द ही नए स्वरूप में नजर आ सकती है। कलेक्टर विवेक श्रोतिये ने नगर पालिका अधिकारियों, तहसील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ पुरानी अनाज मंडी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडी की सड़कों, जल निकासी व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और व्यापारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी क्षेत्र के विकास और व्यवस्थाओं के सुधार के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने भावुक अंदाज में कहा कि “हमारे बाप-दादा भी यहीं बैठते थे, अब हम बैठ रहे हैं।” व्यापारियों की इस बात पर कलेक्टर ने मंडी की पुरानी पहचान को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर अंजली शर्मा, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, तहसीलदार शैलेंद्र सिंह गुर्जर, पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।




