कोलड्रिफ कफ सिरप मामला: परासिया के दो डॉक्टर गिरफ्तार, जांच तेज

Advertisement
छिंदवाड़ा,जीशान अंसारी। कोयलांचल क्षेत्र में चर्चित कोलड्रिफ कफ सिरप कांड में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शनिवार दोपहर बड़ी कार्रवाई की है। एसआईटी ने परासिया के दो डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार डॉक्टरों में डॉ. अमन सिद्दीकी और डॉ. एस.एस. ठाकुर शामिल हैं।
यह मामला पिछले साल से सुर्खियों में है, जिसमें कोलड्रिफ कफ सिरप के सेवन से 24 बच्चों की मौत हुई थी। एसआईटी द्वारा लगातार की जा रही जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर इन दोनों डॉक्टरों की गिरफ्तारी की गई।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में परासिया के डॉ. प्रवीण सोनी सहित कुल 9 आरोपी पहले से ही पिछले लगभग छह महीनों से जेल में बंद हैं। अब दो और डॉक्टरों की गिरफ्तारी के साथ कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे मामले में कार्रवाई और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे थे। दोनों डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद परिवारों ने कुछ हद तक राहत की सांस ली है। पूरे कोयलांचल क्षेत्र में इस मामले को लेकर पहले से ही काफी चर्चा बनी हुई है और अब जांच के नतीजे लोगों की नजर में हैं।
