वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शनिवार सुबह पत्नी सीमा यादव के साथ शहर की प्रसिद्ध राम भंडार दुकान पर पहुंचे। यहां उन्होंने कचौड़ी और लस्सी का ऑर्डर दिया और आम लोगों के साथ बैठकर नाश्ता किया। खास बात यह रही कि उन्होंने खुद ही अपने नाश्ते का बिल भी चुकाया।
दुकान पर पहुंचे सीएम ने दुकानदार से मुस्कुराते हुए पूछा “क्या खिलाओगे”, जिससे माहौल हल्का और आत्मीय हो गया। इस दौरान उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुट गई। नाश्ते के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा से उन्हें 7 दिनों में दूसरी बार काशी आने का अवसर मिला है, जो उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने काशी में आयोजित विक्रमादित्य महानाट्य की भी सराहना करते हुए लोगों से इसे देखने की अपील की।
गौरतलब है कि 3 अप्रैल को योगी आदित्यनाथ और मोहन यादव ने विक्रमोत्सव 2026 के तहत महानाट्य का शुभारंभ किया था, जिसमें दोनों राज्यों के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

