भोपाल, जीतेन्द्र यादव। धार स्थित भोजशाला मामले में आए न्यायालय के फैसले पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालय ने यह माना है कि भोजशाला मां वाग्देवी का स्थान है। उन्होंने कहा कि वे न्यायालय के निर्णय का स्वागत करते हैं और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी समाजों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में न्यायालय और उसके निर्णय का सर्वोच्च स्थान होता है, इसलिए सभी को फैसले का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या मामले में न्यायालय के निर्णय के बाद देश ने सामाजिक सौहार्द की उत्कृष्ट मिसाल पेश की थी, उसी तरह मध्य प्रदेश भी इस मामले में एक सकारात्मक उदाहरण बन सकता है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोजशाला जैसे ऐतिहासिक और आस्था के स्थान को और अधिक गौरवशाली बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मां वाग्देवी की जो प्रतिमा विदेश में है, उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस लाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार न्यायालय के निर्णय के अनुरूप आगे की कार्रवाई करेगी और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सभी पक्षों से सहयोग की अपेक्षा करती है।




