छतरपुर, संजय अवस्थी। छतरपुर के अग्रणी शासकीय कन्या पीजी महाविद्यालय की स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा सुहानी सिंह यादव का चयन अमेरिका के लॉस एंजेलिस में आयोजित होने वाले 13वें अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन (IYC-13) के लिए भारतीय प्रतिनिधि के रूप में हुआ है। छात्रा की इस उपलब्धि से महाविद्यालय और जिले में खुशी का माहौल है। इंटरनेशनल यूथ कॉन्फ्रेंस में हर वर्ष दुनिया के लगभग 183 देशों के युवा आवेदन करते हैं। सम्मेलन के लिए प्रत्येक देश से जनसंख्या के आधार पर 10 से 50 प्रतिभागियों का चयन किया जाता है। इसी प्रतिष्ठित आयोजन में सुहानी सिंह यादव ने अपनी जगह बनाई है।
महाविद्यालय परिवार ने छात्रा का सम्मान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.के. दीक्षित ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी सफलताओं के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में डॉ. बी.के. प्रजापति, डॉ. शशिकांत अवस्थी, डॉ. सौरभ तथा राजनीति विज्ञान विभाग से डॉ. शुभा मिश्रा उपस्थित रहीं। छात्रा के भाई सुरजीत सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे।




