श्री मद् भागवत कथा में धर्ममय हुआ चंदौरा, कृष्ण जन्मोत्सव में लीन हुए श्रद्धालु

Advertisement
अजयगढ़,मोहम्मद मुस्तकीन। अजयगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाला चंदौरा इन दिनों पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगा हुआ नजर आ रहा है। गाँव के पूर्व सरपंच फूलचंद यादव एवं श्रीमती वुईया यादव के सानिध्य में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा, चौक बरहों एवं प्रीतिभोज के उपलक्ष्य में ग्राम में भव्य कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया।
कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर दिखाई दिए। श्रद्धालुओं के जयकारों और भक्ति भजनों से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। यह धार्मिक आयोजन माँ शीतला मंदिर परिसर (ठाकुर बाबा के स्थान) पर संपन्न हो रहा है। कथा के मुख्य प्रवक्ता पं. श्री दयाराम शुक्ला शास्त्री ने श्रीमद् भागवत के महात्म्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भागवत कथा का श्रवण मात्र ही मानव के कष्टों का निवारण कर उसे मोक्ष का मार्ग दिखाता है। शास्त्री जी ने बताया कि जिस ग्राम में कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ होता है, वह भूमि धर्मनगर के रूप में प्रतिष्ठित हो जाती है।
आयोजक परिवार — श्री राजेंद्र प्रसाद उर्फ बबली यादव, सुरेंद्र यादव एवं अरुण यादव — ने जानकारी दी कि यह श्रीमद् भागवत कथा 19 फरवरी 2026 तक अनवरत चलेगी। कथा के दौरान प्रतिदिन भक्तिमय रंगारंग कार्यक्रम एवं भगवान के दिव्य प्रवचन होंगे।
19 फरवरी 2026 को हवन-पूजन एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और अपना बहुमूल्य समय दिया। भागवत कथा के आयोजक बबली यादव ने बताया कि इस भव्य आयोजन के साथ-साथ गांव में एक धर्मशाला का निर्माण भी कराया गया है, जिससे भविष्य में ग्रामीणों को सार्वजनिक व धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिल सकेगी।
