छतरपुर,विनोद मिश्रा। झांसी-खजुराहो फोरलेन पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साला घायल हो गए। हादसा शाम करीब 7 बजे बागेश्वर धाम तिराहे के पहले हुआ, जब सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।


शिवम पिता रामलखन विश्वकर्मा (30) निवासी सालन अमानगंज पत्नी मनीषा (25) और डेढ़ वर्ष - के बेटे सक्षम के साथ अल्टो कार से नौगांव से अमानगंज लौट रहे थे। उनके साथ मनीषा का भाई शुभम (19) निवासी मन्नीखिरवा थाना गुनौर भी मौजूद था। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलटी खाते हुए सड़क किनारे जा गिरी। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इमरजेंसी में मौजूद डॉ. जयदीप रैकवार ने शिवम को मृत घोषित कर दिया।


बताया जा रहा है कि हादसे में डेढ़ साल के मासूम मोक्ष को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं पत्नी मनीषा को हादसे के बाद की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है और वह सदमे में है। साले शुभम के हाथ-पैर में चोटें आई हैं।


इलाज कराकर लौट रहा था परिवार


जानकारी के मुताबिक मनीषा पिछले तीन दिनों से खांसी और बुखार से पीड़ित थी, इसके इलाज के लिए शिवम उसे नौगांव लेकर गया था। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। इमरजेंसी में परिजन मौजूद न होने के कारण डॉक्टरों ने शिवम की मौत की जानकारी तत्काल पत्नी को नहीं दी और परिजनों के आने का इंतजार किया। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच जारी।।