सागर, पुष्पेन्द्र यादव। जिले के बहुचर्चित जहरीली शराब कांड के मुख्य सूत्रधार बताए जा रहे रवि लखेरा को पुलिस ने बरायठा के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से रवि घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।


पुलिस के अनुसार, जहरीली शराब कांड के बाद से रवि लखेरा लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह बरायठा के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।


पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली रवि के पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।


रवि की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब जहरीली शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, मददगारों और सप्लायर्स की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।