सतना,अंबिका केशरी। कोलगवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर चौकी के साइडिंग में बुधवार एवं गुरुवार की देर रात विवाद हो गया। जहां पर जवारे को विसर्जन करके वापस लौट रहे लोगों पर साइडिंग में मौजूद दबंगों ने रास्ता रोककर उनके साथ लाठी डंडे से जमकर मारपीट की। जानकारी के मुताबिक शहर के टिकुरिया टोला क्षेत्र बाईपास स्थित दुर्गा मंदिर से जवारे लेकर करीब आधा सैकड़ा लोग ट्रैक्टर ट्राली पिकअप एवं कार में सवार होकर भरजुना देवी मां की प्रतिमा में अर्पित करने गए थे।

उसके बाद मंदिर के पास मौजूद एक तालाब में जवारे का विसर्जन किए। विसर्जन के बाद रात्रि करीब 11:00 बजे सभी लोग वापस टिकुरिया टोला क्षेत्र अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी बीच साइडिंग के पास कुछ दबंगों ने जवारे विसर्जन कर लौट रहे लोगों के वाहनों को रोक कर उनके साथ गाली गलौज करने लगे।

जिसका महिलाएं बच्चे एवं बुजुर्गों ने जब इसका विरोध किया तो दबंगों ने उन पर लाठी डंडों एवं पत्थर से हमला कर दिया। और वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ की। घटना में करीब 8 से 9 लोग घायल हो गए। वही एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। किसी तरीके से सभी लोग अपनी जान बचाकर कोलगवा थाने पहुंचे। और पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। वहीं कुछ लोगों को दबंगों ने बंधक भी बनाने का प्रयास किया। लेकिन तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई और मौजूद अन्य लोगों को थाने लाया गया। घटना में घायल सभी लोगों को पुलिस के द्वारा जिला चिकित्सालय भेजा गया।

उधर, घटनाक्रम से नाराज लोगों ने थाने में जमकर हंगामा भी किया। और इसके बाद थाने के बाहर सड़क पर चक्का जाम कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान कोलगवा थाने पहुंच गए। और पीड़ित परिवार को उचित कार्यवाही का आश्वासन देते हुए समझाइए दी। तब जाकर पीड़ित परिवार ने चक्का जाम हटाया। वहीं पुलिस ने मामले पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

घायलों में देवनारायण दहिया 57 वर्ष को सिर पर गंभीर चोट आई है जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके अलावा 2 लोगों के हाथ एवं पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। जिन्हें शहर के निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है