भोपाल,जीतेंद्र यादव। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं नवनियुक्त राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने से पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर पार्टी के महापुरुषों को नमन किया। इस दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर पवैया का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद भी किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।मीडिया से चर्चा करते हुए जयभान सिंह पवैया ने राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और दायित्व दोनों का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।


पवैया ने बताया कि राज्य वित्त आयोग का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की वित्तीय व्यवस्थाओं का आकलन कर उसे और अधिक मजबूत बनाना है। इसके तहत पंचायतों और नगरीय निकायों की आर्थिक स्थिति का अध्ययन कर उन्हें संसाधनों के न्यायसंगत वितरण के लिए सुझाव दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोग प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करेगा और जमीनी स्तर पर स्थिति का जायजा लेकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा।


उन्होंने आगे बताया कि जल्द ही आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से प्रदेशभर में दौरे कर आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। जयभान सिंह पवैया ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि विकास कार्यों को गति देने के लिए स्थानीय निकायों को मजबूत किया जाए। इसी दिशा में राज्य वित्त आयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आयोग बेहतर कार्य करेगा और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने पवैया को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।