छतरपुर,तुलसीदास सोनी। थाना राजनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकली सोने के सिक्कों को असली बताकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की गई राशि 5 लाख 5 हजार रुपये एवं प्रयुक्त नकली सोने के सिक्के बरामद किए हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी निशांत सोनी निवासी राजा मार्केट राजनगर ने थाना राजनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसे असली सोने के सिक्के बताकर नकली सिक्के थमा दिए और बदले में लाखों रुपये लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।


जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। आरोपियों द्वारा सुनियोजित तरीके से नकली सिक्कों को असली बताकर लोगों को झांसे में लेने की योजना बनाई जाती थी। वे पहले भरोसा जीतते थे और फिर सौदा तय कर बड़ी रकम लेकर मौके से फरार हो जाते थे।


पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामकेश अहिरवार भी शामिल है, जो पूर्व में चोरी एवं मारपीट जैसे दो आपराधिक मामलों में लिप्त रह चुका है। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।


पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 5 हजार रुपये नगद एवं नकली सोने के सिक्के बरामद किए गए हैं। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस प्रकार के प्रलोभनों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।