रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के दशहरा मैदान में शनिवार से दो दिवसीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन शुरू हो गया। इस महोत्सव में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि केंद्र सरकार मध्य प्रदेश में 55 नई दाल मिलें खोलेगी और दलहन की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। महोत्सव में बीज, उर्वरक, उद्यानिकी, सिंचाई प्रबंधन, बैंकिंग सुविधाओं और आधुनिक कृषि मशीनों के स्टॉल लगाए गए। किसानों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और ‘ई-फॉर्म्स’ एप का भी शुभारंभ किया गया। यह महोत्सव 13 अप्रैल तक चलेगा।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश को हॉर्टिकल्चर का हब बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया और कहा कि विकसित कृषि के बिना किसान की आय बढ़ाए बिना देश का विकास संभव नहीं है। महोत्सव में टॉप वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों की मौजूदगी में 20 विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार हर राज्य का अलग-अलग कृषि रोडमैप तैयार कर रही है और कई राज्यों में काम शुरू भी हो चुका है। खेती से लेकर फूड प्रोसेसिंग तक की पूरी श्रृंखला को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट रूप से घोषणा की कि भारत सरकार मध्य प्रदेश में 55 दाल मिलें स्थापित करेगी और दलहन की खरीदी MSP पर सुनिश्चित करेगी। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित दाम मिलने के साथ ही दलहन प्रसंस्करण उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रायसेन जिले की बासमती चावल की प्रशंसा करते हुए बताया कि यह चावल दुनिया के 47 देशों में निर्यात हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष गेहूं की खरीदी पर प्रति क्विंटल 40 रुपये का बोनस देते हुए 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है। प्रदेश में सिंचाई क्षमता बढ़ाई गई है और इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ घोषित किया गया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रायसेन में बीईएमएल के पहले रेल कारखाने का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि उन्नत कृषि महोत्सव किसानों की तकदीर बदलने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इस आयोजन से किसानों को सरकारी योजनाओं के अलावा बिचौलियों से मुक्त बाजार की जानकारी भी मिलेगी। राजनाथ सिंह ने युवाओं को कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि मध्य प्रदेश विकास के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

इस दो दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि ज्ञान, नई तकनीक और बेहतर बाजार सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।