बक्स्वाहा,राजू दुबे | मध्य प्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बक्स्वाहा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हीरापुर-दमोह रोड से दो शातिर तस्करों को दबोचा है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब सहित तस्करी में प्रयुक्त की जा रही एक महंगी कार भी जब्त की है।
प्रभात गश्त के दौरान मिली सफलता
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम जब प्रभात गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि हीरापुर की ओर से एक संदिग्ध वाहन में अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हीरापुर-दमोह मार्ग पर चेकिंग पॉइंट लगाया। कुछ ही देर में हीरापुर की ओर से आ रही एक सफेद रंग की XL6 मारुति सुजुकी कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
घेराबंदी कर पकड़ा, वाहन से मिली 30 पेटी शराब
पुलिस को देखते ही चालक ने कार की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को सफलतापूर्वक रोक लिया। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। कार के अंदर 30 पेटियों में भरी लगभग 270 लीटर अवैध शराब रखी हुई थी। पुलिस ने अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त करीब 11.50 लाख रुपये कीमत की कार को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया।
आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने कौशल बुंदेला और विनय सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ खपाया जाना था।

