महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी पर बलात्कार के गंभीर आरोप

Advertisement
भोपाल। श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं प्रसिद्ध कथावाचक उत्तम स्वामी पर राजस्थान निवासी एक युवती ने बलात्कार एवं लंबे समय से यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने 12 फरवरी को दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर तत्काल पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
युवती ने आरोप लगाया है कि उत्तम स्वामी कई सालों से उसका यौन शोषण कर रहे थे। जब वह नाबालिग थी, तब से ही धर्म और आस्था की आड़ में उसके साथ गलत हरकतें की गईं। विरोध करने पर डराया-धमकाया गया, जिसके कारण वह लंबे समय तक शिकायत नहीं कर सकी।
पीड़िता ने ई-मेल में लिखा है कि एफआईआर दर्ज कराने की भनक लगते ही आरोपी और उनके करीबियों द्वारा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से धमकियां दी जा रही हैं। समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उसके और परिवार की निजी जानकारी का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे जान-माल को खतरा है।
उसने आगे कहा, "आरोपी स्वयंभू आध्यात्मिक व्यक्ति हैं, जिनका काफी प्रभाव और बड़ा अनुयायी वर्ग है। उनके प्रभाव से गवाह प्रभावित हो सकते हैं, शारीरिक डराया जा सकता है और सबूत नष्ट किए जा सकते हैं। मेरे आवागमन पर नजर रखी जा रही है, जिससे मैं अत्यंत असुरक्षित महसूस कर रही हूं।"
पीड़िता ने आरोप लगाया कि धर्म और आस्था के नाम पर बहला-फुसलाकर कई स्थानों पर बलात्कार किया गया। इसके अलावा धोखाधड़ी, छल और आपराधिक विश्वासघात के भी आरोप हैं। उसके पास सबूत मौजूद हैं, लेकिन आरोपी के प्रभाव से साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका जताई गई है।
ई-मेल में पीड़िता ने कहा, "मैं (पीड़िता) अपने लिए तत्काल पुलिस सुरक्षा का औपचारिक अनुरोध करती हूं। मुझे उत्तम स्वामी द्वारा गंभीर यौन अपराध (बलात्कार) का शिकार बनाया गया है। मैं भारतीय न्याय संहिता/भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के अंतर्गत औपचारिक शिकायत दर्ज कराने वाली हूं।"
उन्होंने अनुरोध किया कि उसका वर्तमान निवास 24x7 पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए और उसकी पहचान व स्थान गोपनीय रखा जाए। पीड़िता ने पुलिस पर भरोसा जताते हुए कहा कि भय के कारण न्याय बाधित नहीं होना चाहिए।
